10 मोटरसाइकिल रिकवर
मोहाली 23 सितंबर (Geenews Network)- बलौंगी थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से 10 चोरी के मोटरसाइकिल बलौंगी पुलिस ने रिकवर कर लिए हैं। एसएचओ बलौंगी पैरीविंकल ग्रेवाल ने बताया कि दो अलग-अलग एफआइआर दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह निवासी गांव मडौली खुद मोरिंडा जिला रोपड़, अमृतपाल उर्फ काका निवासी गांव अभयपुर, कर्ण सिंह उर्फ भोला निवासी देसूमाजरा व अर्श अली उर्फ लंबू निवासी गांव देसूमाजरा के रूप में हुई है। चोरी का मोटरसाइकिल बेचने आया तो पुलिस ने किया गिरफ्तार व्हीकल चोर गिरोह के लोगों ने 28 अगस्त को गुरजंट सिंह नाम के शख्स का मोटरसाइकिल दशमेश कालोनी बलौंगी में वोलटास कंपनी के बाहर से चोरी किया था। वहीं, दूसरा मोटरसाइकिल सुनील कुमार निवासी सेक्टर-70 का चोरी हुआ था। इस मामले में बलौंगी थाने में आइपीसी की धारा 379 के तहत मामला दर्ज हुआ था। वहीं 6 सितंबर को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अमृतपाल उर्फ काका को गिरफ्तार किया था। काका चोरी का मोटरसाइकिल बेचने के लिए अभयपुर आया था। काके की निशानदेही पर तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
