15 दिन में देना होगा जवाब

मोहाली 16 सितम्बर (Geenews Network) – नगर निगम मोहाली के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू को पंजाब म्युनिसिपल एक्ट-1975 की उल्लंघना करने पर निकाय विभाग के सचिव ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 15 दिन में जीती सिद्धू को अपना स्पष्टीकरण देने का समय दिया है। 15 सितंबर को यह नोटिस मोहाली कार्पोरेशन में आया और शुक्रवार को जैसे ही सरकारी मुलाजिम यह नोटिस मेयर को पकड़ाने गए तो मेयर ने नोटिस लेने से इंकार कर दिया और फिर दफ्तर से बाहर चले गए।
कार्पोरेशन के कुछ मौजूदा व पूर्व पार्षद जिनमें सुखदेव सिंह पटवारी, गुरमीत कौर, अरूणा विशिष्ट, रविंदर सिंह, कर्मजीत कौर, सर्बजीत सिंह समाणा (सभी मौजूदा पार्षद) आर.पी शर्मा व फूलराज सिंह (पूर्व पार्षद) ने अपने हस्ताक्षर कर एक शिकायत निकाय विभाग के सचिव को दी थी। अपनी शिकायत में पार्षदों ने कहा था कि मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने अपनी पाजीशन का गलत इस्तेमाल किया है। मेयर ने अपनी ही लेबर सोसायटी ‘अमृतप्रीत को-आपरेटिव एल/सी सोसायटी लिमिटेड ’ को, जिसके वह खुद मंैबर है करोड़ों रुपये के कार्य अलाट कर रहे हैं। अमरजीत सिंह जीती सिद्धू कार्पोरेशन के मेयर होने के साथ-साथ एफएंडसीसी के भी चेयरमैन है जो सभी कार्यों के वर्क आर्डर कान्ट्रेक्ट करती है। यह सीधे तौर पर सरकारी पद का दुरूपयोग और कैश आफ इंटरस्ट है। इसलिए उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
