-एक आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस भी मिले; दूसरे मामले में तस्कर फरार

मोहाली 8 मई (Geenews Network)

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) मोहाली ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 2.210 किलो हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट और आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पहले मामले में एएनटीएफ थाना मोहाली की पुलिस पार्टी ने 6 मई को कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर 1.330 किलो हेरोइन बरामद की। इस संबंध में एएसआई दिलदार सिंह के बयान पर थाना एएनटीएफ मोहाली में मामला दर्ज हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी, 61 और 85 के तहत नामजद किया है। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

वहीं दूसरे मामले में एएनटीएफ पुलिस ने 5 मई को साहिलप्रीत सिंह निवासी कंडोवाली को उसके एक साथी सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 880 ग्राम हेरोइन, एक .30 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना एएनटीएफ मोहाली में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता एसआई राज कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

By Admin

Translate »