-देहरादून की रहने वाली निहारिका व उसके साथी से ठगे 17.38 लाख



मोहाली,17 जून (Geenews Network ) करीब 500 लोगों से 100 करोड़ से ज्यादा की ठगी कर चुके फेज-1 स्थित रुद्राक्ष ग्रुप ओवरसीज सॉल्यूशंस कंपनी के मालिक राकेश रिखी के खिलाफ फेज-1 पुलिस ने धोखाधड़ी एक नया मामला दर्ज किया है। यह मामला उत्तराखंड देहरादून की रहने वाली निहारिका की शिकायत पर दर्ज किया गया है। इस मामले में कंपनी मालिक रिखी के साथ किरती राणा के खिलाफ बीएनएस की धारा 316, 318 व इमिग्रेशन एक्ट-24 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी राकेश रिखी ने निहारिका से 8.19 लाख और उसके दोस्त अभिषेक घोष से 9.19 लाख रुपये लेकर उन्हें वीजा नहीं दिया। आरोपियों ने दोनों को कनाडा का वर्क वीजा देने के बहाने कुल 17.38 लाख रुपये ठग लिए। पीडि़तों ने उनकी कंपनी का विज्ञापन फेसबुक पर देखकर उनसे संपर्क कियाा था। आरोपी राकेश रिखी पहले से ही जेल में बंद हैं।
रुद्राक्ष ग्रुप ओवरसीज साल्यूशंस कंपनी लोगों को विदेश में वर्क परमिट दिलवाने और परमानेंट रेजिडेंट बनवाने के नाम पर 100 करोड़ से ज्यादा की ठगी कर चुका है। ठगे लोगों की संख्या प्रतिदिन बढ़ रही है। जैसे-जैसे लोगों को कंपनी की धोखाधड़ी का पता चल रहा है, लोग मोहाली पहुंच कर उनके साथ हुई ठगी की पुलिस को शिकायत दे रहे हैं। कंपनी ने किसी से दो लाख तो किसी से 33 लाख रुपये लिए हैं। बताया जा रहा है कि जिन लोगों से ठगी हुई है, उनसे लाखों डकारने के बाद रुद्राक्ष ग्रुप ओवरसीज साल्यूशंस कंपनी पासपोर्ट तक वापस नहीं किए। लोगों ने मोहाली पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके पासपोर्ट और उनसे लिए लाखों रुपये उनको वापस करवाएं जाएं।
इन प्रदेशों में की ठगी
यह कंपनी पंजाब, हरियाणा, उत्तर-प्रदेश, उत्तरांचल प्रदेश, महाराष्ट्र , दिल्ली और पश्चिम बंगाल के कई लोगों को ठगी का शिकार बना चुकी है। पीडि़तों ने बताया कि उन्होंने इंटरनेट के कई प्लेटफार्म पर विज्ञापन देखकर कंपनी से संपर्क किया और उनके लाखों रुपये फंस गए। रुद्राक्ष ग्रुप ओवरसीज साल्यूशंस कंपनी के संचालकों पर मोहाली पुलिस पहले ही मामला दर्ज कर चुकी है। सबसे पहले हुई एफआईआर में पुलिस ने रुद्राक्ष ग्रुप ओवरसीज साल्यूशंस के मालिक राकेश रिखी, इंदरजीत सिंह उर्फ लवी, रमनजीत सिंह , गुरप्रीत सिंह, पीयूष तिवारी, और रोहित शर्मा को गिरफ्तार किया था। राकेश रिखी की अदालत पहले ही जमानत याचिका को खारिज कर चुकी है। बता दें कि रुद्राक्ष कंपनी के खिलाफ पुलिस को अब तक 325 लिखित शिकायतें मिल चुकी हैं, इनमें नौ शिकायतें बाईनेम दर्ज हैं। इन शिकायतों पर आठ आईओ (इन्वेस्टीगेशन ऑफिसर) काम कर रहे हैं।

By Admin

Translate »