-चेसिस और इंजन नंबर टेंपर करके बनाते थे नकली आरसी
-एक लैपटॉप, 2 प्रिंटर, 17 जाली आरसी और 10 खाली आरसी भी मिलीं

मोहाली 21 मई (Geenews Network )
सोहाना थाना पुलिस ने गाड़ियों के चेसिस और इंजन नंबर टेंपर करने के बाद नकली आरसी बनाकर गाड़ियां बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हर्ष, अर्जुन कुमार दोनों वासी बलौंगी, स्वर्ण प्रजापति वासी बलौंगी और हीरा सिंह वासी हनुमानगढ़ शामिल हैं। इनके पास से 17 जाली आरसी के अलावा 10 खाली आरसी भी बरामद हुई हैं। आरोपियों से एक लैपटॉप, दो प्रिंटर और चार मोबाइल भी मिलें हैं। इस मामले में उक्त चारों रूपों के खिलाफ थाना सोहाना में आईपीसी की धारा 420, 465, 467, 468, 471 व 120 बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपी गाड़ियों के चेसिस और इंजन नंबर टेंपर करने के बाद नकली आरसी बनाकर गाड़ियां बेचते हैं।इनके दो साथी हर्ष और अर्जुन जाली आरसी देने के लिए सेक्टर-76 स्थित डीसी कॉम्प्लेक्स के पास आ रहे हैं। यहां पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ की तो इन्होंने बताया कि बलौंगी का स्वर्ण प्रजापति अपनी प्रिंटिंग शॉप पर जाली आरसी प्रिंट करने में मदद करता है। पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। इसके बाद पता चला कि हनुमानगढ़ के हीरा सिंह के कहने पर वे नकली आरसी बनाकर गाड़ियां बेच रहे थे। पुलिस ने नाभा जेल में बंद हीरा सिंह को भी इस केस में नामजद कर लिया। हीरा सिंह पकड़े गए आरोपियों को चोरी की गाड़ियां मुहैया करवाता था। इन आरोपियों का काम गाड़ियों के चेसिस और इंजन नंबर टेंपर करना था।
मास्टरमाइंड हीरा सिंह जेल से चला रहा था रैकेट…

पुलिस ने बताया कि नकली आरसी बनाने के इस गिरोह का मास्टरमाइंड हीरा सिंह था। वह इस समय नाभा जेल में बंद था और वहीं से पूरा खेल चला रहा था। उसके कहने पर ही हर्ष और अर्जुन ने स्वर्ण प्रजापति की मदद से गाड़ियों के चेसिस और इंजन नंबर टेंपर करने के बाद नकली आरसी बनाकर गाड़ियां बेची थीं। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी अब तक कितनी गाड़ियां बेच चुके हैं।
