एनआरआई पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज
मोहाली 14 मई (Geenews network)कुराली के वार्ड नंबर-7 की एमडी कॉलोनी में 26 वर्षीय एक युवती ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक युवती की पहचान नवनीत कौर के रूप में हुई है। वह शादीशुदा थी और उसने यह कदम अपने ससुराल से तंग आकर उठाया। सोमवार सुबह 7 बजे नवनीत की सास का फोन आया, जिन्होंने उसके पिता रणजीत सिंह को बताया कि नवनीत अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही। उसके कुछ समय बाद नवनीत की सास का दोबारा फोन आया कि उसने पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। उन्होंने लिखा है कि नवनीत का भाई दलजीत सिंह और उसी मां परमजीत कौर जब कुराली पहुंचे तो नवनीत बिस्तर पर पड़ी था और उसकी मौत हो चुकी थी। नवनीत कौर फेज-1 की रहने वाली थी और कुराली में उसका ससुराल था। कुराली पुलिस ने मृतका के पति कुलजिंदर और सास अमरजीत कौर के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है। रणजीत सिंह ने पुलिस शिकायत में कहा है कि उनकी बेटी नवनीत कौर (उम्र 26 साल) की शादी नवंबर 2022 में कुलजिंदर सिंह निवासी वार्ड नंबर- 7 एमडी कॉलोनी चंडीगढ़ रोड कुराली से सिख रीति-रिवाज के साथ हुई थी। कुलजिंदर 2016 से ऑस्ट्रेलिया चला गया था जिसने शादी के समय उन्हें आश्वासन दिया था कि वह शादी के कुछ समय बाद लडक़ी नवनीत को विदेश ऑस्ट्रेलिया ले जाएगा, लेकिन नवनीत के बार-बार कहने के बावजूद कुलजिंदर ने उसके साथ कोर्ट मैरिज नहीं की। उन्होंने पुलिस को बताया कि शादी के बाद नवनीत सरस्वती नर्सिंग कॉलेज घडुंआ में लेक्चरार लग गई थी। इस बीच कुलजिंदर शादी के बाद (2023 में) भारत आया था और नवनीत को फेसबुक, इंस्टाग्राम एप्प चलाने से रोक दिया और नवनीत से कॉलेज में अपनी शादी के बारे में किसी को नहीं बताने के लिए भी कहा। उन्होंने शिकायत में कहा है कि उनके दामाद और उसकी मां नवनीत को नौकरी छोडऩे के लिए कहते थे और नवनीत उनसे कहती थी कि जब उसका ऑस्ट्रेलिया का काम बन गया तो वह नौकरी छोड़ देगी। उन्होंने कहा है कि जब नवनीत ने नौकरी छोडऩे से इनकार कर दिया तो उसके पति और सास ने उससे झगड़ा किया। जब नवनीत ने उन्हें इस बारे में बताया तो वे अपने बेटे को लेकर कुराली चले गए और नवनीत ने उनसे उसे अपने साथ ले जाने के लिए कहा, लेकिन उसकी सास ने नवनीत को यह कहकर रोक दिया कि वह उसे नौकरी छोडऩे के लिए मजबूर नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि उनका दामाद अपनी छुट्टियां पूरी कर वापस चला गया और कुछ समय बाद नवनीत की सास अमरजीत कौर ने नवनीत को फिर से नौकरी छोडऩे के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। जब नवनीत ने कुलजिंदर को फोन पर इस बारे में बताया तो उसने भी उसे बुरा भला कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से नवनीत की सास अमरजीत कौर बिना कुछ कहे उसे प्रताड़ित करती थी और कुलजिंदर भी उसे फोन पर बुरा-भला कहता था।
