यात्रियों के लिए सार्वजनिक यातायात की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए मौजूदा बस स्टैंड से इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी

कैप्टन अमरिंदर ने मान को अपनी बनाई किसी चीज का उद्घाटन करने के लिए भी कहा

पटियाला, 16 मई (Geenews Network): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि जालंधर के वोटरों ने राज्य सरकार की विकास प्रमुख नीतियों के हक में जनादेश देकर रिवायती पार्टियों की नकारात्मक और नफऱती राजनीति के प्रोपगंडा को नकार दिया।यहाँ नया बना बस अड्डा लोगों को समर्पित करने के बाद में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जालंधर संसदीय हलके के वोटरों ने स्कूल ऑफ एमिनेंस, आम आदमी क्लीनिकों, बेमिसाल विकास एवं लोगों के कल्याण के हक में वोटें डाली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब फिर से नंबर एक बनने के रास्ते पर है, क्योंकि लोगों द्वारा चुनी हुई सरकार रोज़ नए प्रोजैक्ट लोगों को समर्पित कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पहली दफ़ा है कि जब नीतियाँ लोगों के साथ व्यापक विचार-विमर्श कर बनाई जा रही हैं। भगवंत मान ने कहा कि यह काफ़ी गर्व और संतुष्टी वाली बात है कि फाजि़ल्का जि़ले के किसानों ने पहली बार कपास की फ़सल नहरी पानी से बीजी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली बचाने के लिए एक और बड़ी पहल करते हुए राज्य सरकार ने पंजाब में धान की बिजाई चरणबद्ध ढंग से करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने कहा कि धान की बिजाई 10 जून से शुरू होगी और राज्य भर में 10 जून के अलावा 16, 19 और 21 जून को धान की बिजाई की इजाज़त होगी। भगवंत मान ने कहा कि इस काम को प्रभावशाली ढंग से पूरा करने के लिए बिजाई के लिए पंजाब को चार ज़ोनों में बाँटा गया है। अधिक जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विखंडित ढंग से धान की बिजाई होने के कारण सिंचाई की सुविधाओं को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी। पहले पड़ाव में अंतरराष्ट्रीय सरहद के नज़दीक तार से पार 10 जून से धान की फ़सल लगाई जाएगी, जिसके लिए किसानों को बाकायदा बिजली सप्लाई यकीनी बनाई जायेगी। उन्होंने कहा कि दूसरे पड़ाव में सात जि़लों, फिऱोज़पुर, फरीदकोट, पठानकोट, श्री फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, शहीद भगत सिंह नगर और तरन तारन में 16 जून से निर्विघ्न बिजली सप्लाई यकीनी बनाई जायेगी। भगवंत मान ने कहा कि तीसरे पड़ाव में रूपनगर, एस.ए.एस. नगर, कपूरथला, लुधियाना, फाजि़ल्का, बठिंडा और अमृतसर समेत सात जि़लों में 19 जून से धान की बिजाई तीसरे दौर में होगी, जबकि बाकी बचते 9 जि़ले पटियाला, जालंधर, मोगा, श्री मुक्तसर साहिब, होशियारपुर, संगरूर, मालेरकोटला, बरनाला और मानसा में 21 जून से धान की बिजाई होगी। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह पर तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कैप्टन अपने कार्यकाल के दौरान कभी भी अपने पैतृक शहर में नहीं आए। भगवंत मान ने कहा कि वह कार्यभार संभालने के बाद इस शाही शहर में महाराजा पटियाला के समूचे कार्यकाल में लगाए गए दौरों की अपेक्षा अधिक बार आए हैं। उन्होंने कहा कि इसी बदलाव के लिए लोगों ने विकास-समर्थकीय सरकार को चुना था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव के फ़ैसले की विश्व भर में सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कदम से रोज़ाना की 350 मेगावॉट बिजली बचाने के योग्य हुई है और अपनी तरह के इस अलग कदम के अंतर्गत 50 करोड़ रुपए बचेंगे। भगवंत मान ने यह भी बताया कि इस फ़ैसले से यातायात को सुचारू तरीके से चलाने में मदद मिली है और एक सर्वेक्षण में पता चला कि इससे मोहाली की एक एयरपोर्ट रोड पर रोज़ाना का सात हज़ार लीटर तेल का उपभोग घटा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया बना बस स्टैंड लिफ़्टों समेत अति-आधुनिक सुविधाओं से लैस है। उन्होंने बताया कि 61 करोड़ रुपए की लागत से बने इस बस स्टैंड में लोगों की सुविधा के लिए 45 काउन्टर हैं और मौजूदा बस स्टैंड को सिटी बस स्टैंड के तौर पर इस्तेमाल किया जायेगा, जहाँ से शहर के अलग-अलग हिस्सों के लिए इलैक्ट्रिकल शटल बस सेवा शुरू की जायेगी। भगवंत मान ने कहा कि पटियाला बस स्टैंड की तर्ज़ पर राज्य भर में ऐसे और बस स्टैंड बनाऐ जाएंगे। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा, लालजीत सिंह भुल्लर और डॉ. बलबीर सिंह समेत अन्य भी उपस्थित थे

पटियाला में आधुनिक अत्याधुनिक बस स्टैंड के उद्घाटन पर क्या कहा कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने

चंडीगढ़, 16 मई: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से कहा कि वह अपनी सरकार द्वारा बनाई और की हुई किसी चीज़ का उद्घाटन करना शुरू करें और जो पिछली सरकार कर चुकी है उसका श्रेय न लें।मान द्वारा आज पटियाला में आधुनिक अत्याधुनिक बस स्टैंड के उद्घाटन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके समय में शुरू किया गया था और अब पूरा हो गया है, जिसका उद्घाटन आज मुख्यमंत्री मान ने किया।”यह ठीक है कि मान ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में पटियाला में बस स्टैंड का उद्घाटन किया, जो मेरे समय के दौरान शुरू किया गया था, लेकिन उन्हें भी हमारी सरकार ने जो किया उसका श्रेय लेने के बजाय अपने स्तर पर कुछ करना चाहिए”।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, यह उन कई उदाहरणों में से एक उदाहरण है जहां आम आदमी पार्टी की सरकार पिछली सरकार के कार्यों का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि यह सरकार अभी बदलाव और प्रगति की झूठी बयानबाज़ी से बाहर नहीं निकली है क्योंकि ज़मीन पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है।

By Admin

Translate »