मोहाली 6 दिसम्बर (Geenews Network) -पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने मंगलवार पूर्व वन मंत्री साधू सिंह धर्मसोत के खिलाफ समर्थ अदालत में मामला चलाने के लिए राज्य सरकार के प्रशासनिक विभाग से मंजूरी हासिल कर ली है। पूर्व मंत्री को विजिलेंस ब्यूरो ने जून में विभाग में खैर के वृक्षों की कटाई के लिए परमिट जारी करने, अधिकारियों के तबादले, खरीददारी और एनओसी जारी करने से संबंधित संगठित भ्रष्टाचार में शामिल होने के लिए गिरफ्तार किया था। यह जानकारी देते हुए मंगलवार यहां विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि 6 जून 2022 को एफआइआर नंबर- 7 के तहत भ्रष्टाचार रोकथाम एक्ट की धारा 7, 7ए 13 ( ए) (1) (2) और आइपीसी की 120-बी के अंतर्गत विजिलैंस थाना फ्लाइंग स्कवायड में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया था। यह केस पूर्व वन मंत्रियों, ठेकेदारों और वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल होने के तहत दर्ज किया गया था।
