मोहाली 2 नवम्बर(Geenews Network) – सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में गैंगस्टर दीपक टीनू को कस्टडी से भगाने में मदद करने वाले आरोपी कुलदीप कोहली को स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल (एसएसओसी) लुधियाना से प्रोडक्शन वारंट पर मोहाली लेकर आई है। एसएसओसी ने कोहली को मोहाली में चीफ ज्युडिशियल मैजिस्ट्रेट हरप्रीत कौर की अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। एसएसओसी ने कोहली का रिमांड लेते समय तर्क दिया है कि कोहली के तार विदेश बैठे आतंकी लखबीर सिंह लंडा के साथ है। कोहली से विदेश बैठे आतंकी सरगनों के संबंध में पूछताछ करनी है। अदालत ने तर्क सुनने के बाद कोहली को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। जिक्रयोग है कि सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस की जांच के बीच मानसा पुलिस की गिरफ्त से भागने वाले गैंगस्टर दीपक टीनू मामले में पुलिस ने लुधियाना निवासी कुलदीप सिंह उर्फ कोहली सहित राजवीर सिंह उर्फ कजामा और राजिंदर सिंह उर्फ गोरा को गिरफ्तार किया था। कुलदीप कोहली का लुधियाना में एक जिम है। आरोप है कि वह जिम की आड़ में नशे का कारोबार करता है। आरोपी कुलदीप कोहली गैंगस्टर टीनू का काफी करीबी है। उसने टीनू को पुलिस हिरासत से भागने में मदद की थी, जिसके बाद एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और विशेष जांच दल पंजाब पुलिस की एसआइटी ने उसे लुधियाना से गिरफ्तार किया था। वह इन दिनों लुधियाना जेल में बंद था। जांच में यह बात सामने आई थी कि 1 अक्टूबर को दीपक टीनू ने कोहली को एक महिला सहयोगी भेजने का निर्देश दिया था, जिसने सीआइए मानसा में अपने सहयोगियों के साथ टीनू को भगाने में मदद की थी। आरोपी कुलदीप कोहली पिछले दो साल से दीपक टीनू के साथ जुड़ा हुआ था। दोनों कपूरथला जेल में एक साथ बंद थे। कोहली को वर्ष 2021 में जमानत पर रिहा किया गया था, जिसके बाद वह टीनू के हरियाणा स्थित अन्य सहयोगियों के साथ सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हुआ था।
