6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
बाल सुधार गृह से रोजाना लाकर होगी पूछताछ
मोहाली 26 अक्टुबर (Geenews Network) मोहाली में इंटेलिजेंस मुख्यालय पर राकेट प्रोपेलड ग्रेनेड (आरपीजी) हमले के मामले में नामजद नाबालिग आरोपी को दिल्ली से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर मोहाली की जुवेलाइन कोर्ट में पेश किया गया। सोहाना पुलिस ने नाबालिग को दोपहर करीब पौने 2 बजे जुवेलाइन कोर्ट में पेश किया था। पुलिस ने अदालत में नाबालिग आरोपी के 10 दिन के पुलिस रिमांड की मांग की थी। सूत्रों के अनुसार नाबालिग की उम्र 17 साल 5 महीने बताई गई थी। अदालत अनुसर नाबालिग का पुलिस रिमांड नहीं बनता जिस पर पुलिस ने अदालत में तर्क दिया कि नाबालिग आरोपी लांचर अटैक के समय मौके पर मौजूद था। संगीन अपराध होने के चलते उससे पूछताछ बहुत जरूरी है। अदालत में नाबालिग की काउंसलिंग हुई और बयान भी दर्ज किए गए। अदालत ने नाबालिग आरोपी के 6 दिन के रिमांड की मंजूरी देते समय पुलिस को हिदायतें दी कि पुलिस नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह से प्रतिदिन पूछताछ के लिए लेकर आएगी और शाम को पूछताद के बाद नाबालिग को वापस बाल सुधार गृह छोडक़र आना होगा। पंजाब के मोहाली जिला स्थित इंटेलिजेंस मुख्यालय के हेडक्वार्टर पर 9 मई को किए गए आरपीजी अटैक में गैंगस्टर लारेंस का कनेक्शन सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया था। उनमें से एक आरोपी नाबालिग था। लडक़े पर आरोप है कि इंटेलिजेंस मुख्यालय हेडक्वार्टर पर 9 मई को किए गए आरपीजी अटैक में वह भी शामिल था। नाबालिग आरोपी यूपी के फैजाबाद का रहने वाला है। सूत्र बताते हैं कि दिल्ली पुलिस से पूछताछ में आरोपी मान चुका है कि वह यूपी के एक फार्म हाउस में रुका था। उसी फार्म हाउस में मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी भी ठहरे थे। अब यह फार्म हाउस जिस व्यक्ति का है, उसकी तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है। पुलिस उससे जानना चाहती है कि वह लारेंस को कैसे जानता है और गैंग से उसके संबंध कब से हैं। आरपीजी अटैक के आरोपी के पकड़े जाने से मूसेवाला हत्याकांड में भी कई सुराग हाथ लग सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक आरपीजी हमले के आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे पाकिस्तान की आईएसआई आतंकी एजेंसी से इस काम के 10 लाख रुपए मिले थे। पैसों के लालच में आकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। 10 लाख देने वालों में आतंकी रिंदा का नाम सामने आ रहा है। रिंदा बेरोजगार युवाओं को पैसों का लालच देकर हथियारों की तस्करी जैसे अवैध कार्य करवा रहा है।
