मोहाली सिटी सेंटर-3 हादसा
प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज

मोहाली 10 अक्टूबर(Geenews Network) – रविवार शाम साढे 5 बजे एयरपोर्ट रोड पर मोहाली सिटी सेंटर -3 में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में डबल बेसमेंट की खुदाई के दौरान दो लोगों की मौत हो गई थी और दो लोग गंभीर घायल भी हुए थे। इस मामले में सोहाना थाना पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी जयनाथ के बयान पर मोहाली सिटी सेंटर के प्रबंधकों, प्रोजेक्ट मैनेजर अजय शर्मा, मोहाली सिटी सेंटर की मैनेजमेंट व सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ आइपीसी की धारा 304, 337, 338 के तहत मामला दर्ज किया है। लेकिन पुलिस ने इस मामले में कंपनी के किसी भी मालिक का नाम शामिल नहीं किया है। मजदूरों का आरोप है कि प्रोजेक्ट बड़ा होने के चलते पुलिस कंपनी मालिकों को बचाने का प्रयास कर रही है। 24 घंटे बाद भी मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, मृतकों का पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। मृतकों के स्वजनों के बिहार से पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। उनके पहुंचने पर ही पोस्टमार्टम होगा।
टेक्नीकल टीम ने किया दौरा
डीसी मोहाली की ओर से चार मैंबरी टेक्नीकल टीम का गठन किया गया है। सोमवार सुबह टेक्नीकल टीम के मैंबर मौका-ए-वारदात का मुआयना करने पहुंचे। टीम की ओर से रिपोर्ट तैयार करके डीसी मोहाली को सौंपी जानी है। सूत्रों के अनुसार बिना सेफ्टी नार्मस के डबल बेसमेंट में खुदाई का काम चल रहा था। कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से कच्ची मिट्टी की ढाल को रोकने के लिए रिटेनिंग वाल नहीं की गई थी।
प्रत्यक्षदर्शी का बयान
जयनाथ राय ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि मोहाली सिटी सेंटर-3 में डबल बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था। जयनाथ राय व उसके साथी आजाद, राजेश, धोनी, शिव शंकर व रविंदर साहनी सरिया बांध रहे थे उसी दौरान एक ट्रैक्टर जितनी कच्ची मिट्टी का ढेर नीचे गिरा और 4 व्यक्ति उसके नीचे दब गए। जिनमें रवि शंकर साहनी व शिव शंकर की मौके पर ही मौत हो गई और आजाद व राजेश धोनी का सिविल अस्पताल में ईलाज चल रहा है।
दो लोगों को राडंडअप किया गया है। पूछताछ की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों को बयान के लिए बुलाया गया है। उसके बाद ही गिरफ्तारी डाली जाएगी। पोस्टमार्टम के लिए मृतकों के स्वजन बिहार से निकल चुके हैं उनके पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। हमने अपनी ओर से गमाडा व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जांच करने के लिए कह दिया है।
हरसिमरन सिंह बल, डीएसपी सिटी-2
