-दो हिस्ट्री शीटर, एक पर 33 तो दूसरे पर 9 मामले दर्ज
मोहाली 2 सितंबर (Geenews Network)-मोहाली पुलिस ने चेन स्नैचर गिरोह के 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसने सोना, नकदी व अन्य सामान बरामद किया है। इस संबंधी जानकारी देते एसपी सिटी आकाशदीप सिंह औलख ने कहा कि थाना फेज-1 के अधीन पड़ते फेज-2 के रिहायशी एरिया में 5 अगस्त को एक स्नैचिंग की वारदात हुई थी, जिस में एक मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक बुजुर्ग महिला के गले में डाली सोने की चेन झपट ली थी। पुलिस ने इस मामले में धारा 379बी के तत मामला दर्ज किया था। थाना फेज-1 के एसएचओ सुमित मोर की पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की सहायता से आरोपितों को ट्रेस करते हुए दो मोटरसाइकिल सवार विक्की निवासी बुलंद शहर यूपी और दीप सिंह निवासी बिहार हाल निवासी गांव ढकौली को गिरफ्तार किया है।
फिल्मी अंदाज में वारदात को देते थे अंजाम
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह दोनों व्यक्ति फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम देते थे। यह दोनों मोटरसाइकिल पर जाली नंबर प्लेट लगाकर वारदात करके मौके से फरार हो जाते थे और फिर मोटरसाइकिल पर असली नंबर प्लेट लगाकर घूमते थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इन दोनों से वारदात में इस्तेमाल किया मोटरसाइकिल, जाली नंबर प्लेट, स्नैच की सोने की चेन, एक चोरी किया थ्री-व्हीलर, एक स्कार्पियों कार, नगदी व अन्य सामान बरामद किया है।
दिल्ली के सुनियार को बेचते थे सोना
उन्होंने बताया कि आरोपितों ने पिछले महीने दौरान 10 वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। इनकी निशानदेही पर इनके एक अन्य साथी संतोश निवासी दिल्ली को भी गिरफ्तार किया गया है। संतोश सुनियार है जोकि दिल्ली में सोने की गलाई व ढलाई का काम करता है। वह दोनों स्नैचरों से छीना हुआ सोना सस्ते दाम पर खरीदता था और इस सोने को गला कर ढालकर नए गहने बनाकर मोटी कमाई करता था। जांच में यह भी पता चला है कि विक्की और दीप सिंह ने वारदातों से कमाए गए पैसों से 1 एलईडी टीवी खरीदा था और पहले खरीदी गई स्कार्पियो कार की पेमेंट की थी। उन्होंने कहा कि विक्की पर कुल 33 मामले दर्ज हैं और दीप सिंह पर कुल 9 मामले दर्ज हैं।
