-एक महिला सहित तीन लोग गिरफ्तार, अगवा किए युवक के स्वजनों से मांग रहे 50 लाख रंगदारी

मोहाली 19 अगस्त (Geenews Network)- चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडुंआ के एक विद्यार्थी को अगवा कर उसके स्वजनों से 50 लाख रूपये रंगदारी मांगने के मामले में खरड़ पुलिस ने एक युवती सहित लोगों को वारदात के 48 घंटे बाद गिरफ्तार कर मामले की गुत्थी को सुलझा लिया है। गिरफ्तार आरोपीयों की पहचान 25 वर्षीय अजय कादियान निवासी गांव जटल पानीपत (हरियाणा), 22 वर्षीय अजय गांव बादुर सिरसा (हरियाणा) और राखी निवासी गांव बरोली सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपीयों से एक होंडा सिटी कार, पांच मोबाइल, एक 32 बोर पिस्टल व 9 कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि अगवा हुए युवक की पहचान हितेश भूमला के रूप में हुई है जोकि बीई का स्टूडेंट हैं।
स्वजनों ने लापता होने की दी थी शिकायत
एसपी रूरल नवरीत विर्क ने बताया कि हितेश के लापता होने की सूचना उसके स्वजनों ने पुलिस को दी थी और बताया था कि उसके बेटे को अगवा करने वाला गैंग उनसे 50 लाख रूपये की रंगदारी मांग रहा है। इस मामले में खरड़ सदर थाने में आइपीसी की धारा 364ए व 365 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले को हल करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही थी। खुफिया एजेंसी के माध्यम से इस केस को हल करने में मदद मिली और अगवा हुए युवक को हिफाजत से बचा लिया गया। इस मामले को हल करने के लिए सीआईए कुरूक्षेत्र, अंबाला, हरिद्वारा, गाजीयबाद पुलिस की भी मदद ली गई।
