सेक्टर-81 में सीसीटीवी में दिखा तेंदुआ, पकड़ने के लिए विभाग ने लगाया पिंजरा

मोहाली 2 जुलाई – डेराबस्सी , नयागांव के बाद अब मोहाली के सेक्टर-81 में नेशनल एग्री फूड बायो टेक्नोलाजी इंस्टीट्यूट नालेज सिटी में तेंदुए दिखाई देने से इलाके में दहशत से लोग डरे हुए हैं। नालेज सिटी इंस्टीट्यूट में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए के दिखाई देने के बाद वाइल्डलाइफ विभाग की तरफ से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया गया है। सेक्टर -81 में तेंदुए के देखे जाने के बाद लोग डर के साए में रह रहे हैं। इंस्टीट्यूट के प्रिंसिपल ने मोहाली के वाइल्ड लाइफ रेंज अफसर बलविंदर सिंह को मामले की जानकारी दी थी जिसके बाद आज इंस्टीट्यूट के पास पिंजरा लगा दिया गया है। वहीं वाइल्डलाइफ के कर्मचारियों की तरफ से इलाके के आसपास भी चेकिंग की गई है, जहां तेंदुए के पैरों के निशान दिखाई दिए हैं। फारेस्ट विभाग ने इंस्टीट्यूट में पढ़ने व उसके आसपास रहने वाले लोगों को बाहर ना निकलने की अपील की है। वहीं, तेंदुए का सीसीटीवी फुटेज लोग एक दूसरे को वीडियो भेज कर सतर्क रहने की बात कह रहे हैं। लोगों ने विभाग से तेंदुए को पकड़ने की अपील की है। रेंज अफसर बलविंदर सिंह ने कहा कि इंस्टीट्यूट के पास बहते गंदे नाले के पास तेंदुए के पांव के निशान देखे गए हैं जिसके बाद से आज आसपास के एरिया में रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया गया है। वहीं तेंदुए पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इंस्टीट्यूट के प्रिंसिपल ने सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए को देखा था। बता दें कि इससे पहले नयागांव की कुमाऊ कालोनी के एक घर के साथ खाली जगह पर दोपहर के समय भी तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया था। दोपहर की चटख धूप में तेंदुआ घर के साथ खाली जगह पर घुम रहा था। जिसके बाद पिंजरा लगाया गया था। वहीं कुछ दिन पहले भी छतबीड़ जू के बाहर भी मादा तेंदुआ को देखा गया था। छतबीड़ जू में कई जानवरों के तेंदुए की ओर से खाए जाने की सूचना भी मिली थी। वाइल्ड लाइफ के अधिकारियों ने छतबीड़ जू के बाहर व अंदर पांच पिंजरे लगाए थे, लेकिन तब भी तेंदुआ उनकी पकड़ में नहीं आया था। अब मोहाली के पास एरिया में तेंदुए के पांव के निशान दिखाई देने के बाद एरिया में दहशत का माहौल है।

By Admin

Translate »