पत्नी कृष्णा देवी की की गिरफ्तारी पर 27 जून तक रोक
पठानकोट 19 जून (Geenews Network): अवैध माइनिंग के आरोप में गिरफ्तार पूर्व विधायक जोगिंदर पाल को पुलिस ने शनिवार को एडिशनल सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट से अवैध माइनिंग मामले में पूछताछ के लिए जोगिंदर पाल का छह दिन का रिमांड मांगा पर कोर्ट ने दो दिन का रिमांड दिया। उधर, उनकी पत्नी कृष्णा देवी की ओर से दायर अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए स्थानीय कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर 27 जून तक रोक लगा दी है।
शनिवार को जोगिंदर पाल का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस दोपहर 12:52 बजे उनको लेकर अदालत पहुंची। चूंकि एक बजे लंच टाइम हो जाता है इस कारण उनको कोर्ट के बाहर करीब एक घंटा इंतजार करना पड़ा। अदालत में दोपहर दो बजे काम शुरू हुआ तो उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। उल्लेखनीय है कि इस मामले में उनकी पत्नी कृष्णा देवी, उनके पार्टनर लक्ष्य महाजन और दो कर्मचारी भी पुलिस द्वारा आरोपी बनाए गए हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से जोगिंदर पाल को ही गिरफ्तार किया गया है।

राजनीतिक साजिश के तहत मुझे फंसाया :जोगिंदर पाल
अवैध माइनिंग के आरोप में गिरफ्तार किए गए पूर्व विधायक जोगिंदर पाल ने कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश की गई है। पूर्व विधायक ने कहा कि जिले में 250 से ज्यादा क्रशर लगे हैं। कीड़ी खुर्द में जितने भी क्रशर लगे हैं वो सब शामलात भूमि पर ही हैं। अन्य पर कार्रवाई नहीं किया जाना साबित करता है कि सरकार राजनीतिक तौर पर उनको निशाना बना रही है।

