– 20 करोड़ की प्रापर्टी की 20 लाख रुपए ले चुके थे टोकन
– 4 करोड रुपए का बयाना लेने आए आरोपियों को पुलिस ने ट्रैप लगाकर किया गिरफ्तार
मोहाली 27 मई (Geenews Network)- लुधियाना के रिटायर्ड कर्नल का जाली आधार कार्ड व पेन कार्ड बनाकर सिद्धू प्रॉपर्टी डीलर से 20 करोड़ की डील फाइनल करने उपरांत 20 लाख रुपये साई लेकर धोखाधड़ी करने के आरोप में सोहाना थाना पुलिस ने 6 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सोहाना पुलिस ने आरोपियों को शुक्रवार उस समय गिरफ्तार किया जब वह चार करोड रुपए का बयाना लेने के लिए मोहाली आए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनदीप सिंह भदौड़ (बरनाला) , इंद्रजीत सिंह सहौता , जैनमीन मोहम्मद दोनों निवासी भदौड़,रमनदीप सिंह, जशन सिंह जगदीप कुमार तीनों निवासी मोरिंडा के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ सोहाना थाने में आइपीसी की धारा 420,467, 471 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को शनिवार कोर्ट में पेश किया जाएगा।

एसएचओ सोहाना गुरजीत सिंह ने बताया कि रिटायर्ड कर्नल हरमोहिंदर सिंह पन्नू की टंगौरी में 10 एकड़ जमीन थी। भदौड़ के रहने वाले मनदीप सिंह ने हरमोहिंदर सिंह पन्नू के नाम से जाली आधार कार्ड को पैन कार्ड बनाकर भदौड़ में बैंक का अकाउंट खुलवा लिया। यही नहीं मनदीप ने मोहाली के सिद्धू प्रापर्टी डीलर से हरमोहिंदर सिंह पन्नू की जमीन का 20 करोड़ रुपये में सौदा कर लिया। साई के तौर पर सिद्धू प्रापर्टी डीलर से 20 लाख रुपए ले लिए गए थे। शुक्रवार को चार करोड़ रुपये बयाने के तौर पर लेना तय हुआ था । लेकिन सिद्धू प्रापर्टी डीलर को शक होने पर उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने सिद्धू प्रापर्टी डीलर को उन्हें बयाना देने के लिए मोहाली बुलाने के लिए कहा। जब उक्त आरोपि 4 करोड रुपए बयाना लेने मोहाली आए तो पुलिस ने ट्रैप लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने पन्नू के नाम से फर्जी अकाउंट में 20 लाख रुपये की रकम डलवाई थी। एसएचओ ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है।

