मोहाली 31 मई (Geenews Network)- पंजाब रेवन्यू आफिसर एसोसिएशन के मैंबर लुधियान व होशियारपुर के दो सब -रजिस्ट्रार को हाल ही में सस्पेंड किए जाने के खिलाफ 1 जून से 6 जून तक सामुहिक छुट्टी पर चले जाएंगे। पंजाब रेवन्यू आफिसर एसोसिएशन के प्रधान गुरदेव सिंह धाम ने कहा कि वह जानते हैं कि अगले चार दिनों तक जनता को काफी परेशानी आएगी लेकिन वह राजस्व विभाग के बेतुके फैसलों के कारण असहाय हैं। यह राजनीतिक बदलाखोरी का मामला है। एसोसिएशन की मीटिंग में उन्होंने राजस्व विभाग के मनमाने फैसले व गैर जिम्मेदाराना रवैये के खिलाफ बुधवार से सोमवार तक सामुहिक छुट्टी पर जाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई 6 जून को तय की जाएगी।
30 मई को राजस्व विभाग ने होशियारपुर व लुधियाना जिलों में बिना एनओसी के दस्तावेज दर्ज करने के बहाने दो रजिस्ट्रार जीवन गर्ग व हरमिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया था। एसोसिएशन के जनरल सचिव सुखचरन सिंह चन्नी ने कहा कि 2018 से एनओसी को लेकर काफी दिक्कतें आ रही हैं और वह राजस्व विभाग को एनओसी पर स्पष्टता लाने के लिए कई बार पत्र लिख चुके हैं। पिछले हफ्ते भी कमिश्नर राजस्व (एफसीआर) ने हिदायतों का एक और सेट जारी किया जोकि पुराने की पुनरावृत्ति है लेकिन आम जनता के हित के खिलाफ है, जहां 1000 गज तक के गांवों सहित सभी बिक्री/ हस्तांतरण कार्यों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। ई-गवर्नमेंट आम जनता की चिंताओं के लिए कम परेशान है और जनता के साथ-साथ राजस्व अधिकारियों की मजबूरियों को जानने की कोशिश भी नहीं की है। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारियों को जनता के सीधे संपर्क में काम करना होता है और वे अपनी आंखे बंद नहीं कर सकते। उन्होंने आगे कहा कि दिसंबर 2019 से जुलाई 2021 तक प्लाट की रजिस्ट्रेशन पर कोई रोक नहीं थी। कुछ समय के लिए हाइकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी पर फिर 22 नवंबर 2021 के एफसीआर के बोलने वाले निर्देशों के जरिए कुछ अपवादों के साथ सभी पंजीकरण की अनुमति दी गई थी। हाईकोर्ट 4 अप्रेल 2022 के आर्डर के तहत 22 नवंबर 2021 के आर्डर को पास नहीं किया पर भविष्य में रजिस्ट्रेशन पर रोक लगा दी।

