
मोहाली31मई (Geenews Network) – पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद से उनके चाहने वाले ( फैंस ) सदमे में हैं । मोहाली के गांव जंडपुर में सिद्धू मूसेवाला के एक फैन ने आत्महत्या की कोशिश की है । साढ़े 17 साल के युवक ने फिनाइल पीकर जान देने का प्रयास किया है। मूसेवाला की मौत की खबर के बाद से ही वह युवक सदमे में था और दो दिन से खाना पीना भी छोड़ चुका था। युवक की पहचान अवतार सिंह के रूप में हुई है।युवक अवतार ने आज दोपहर के समय घर पर फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश की। फिनाइल पीते ही वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। घरवालों ने जब उसे जमीन पर गिरा हुआ देखा तो वह तुरंत उसे मोहाली के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल लेकर पहुंच गए। जहां उसका इलाज चल रहा है। डाक्टरों ने परिजनों को बताया कि उसने फिनाइल पी है। बताया जा रहा है कि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। सिद्धू मुसेवाला की मौत के बाद अवतार मानसिक तौर से परेशान हो गया था। वह उसे याद करके अकसर रोता रहता था।सिद्धू मूसेवाला का बहुत बड़ा फैन है अवतार ।

जानकारी के मुताबिक अवतार सिंह के माता पिता दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं। माता पिता ने बताया कि उनका बेटा सिद्धू मूसेवाला का बहुत बड़ा फैन है। वह हमेशा सिद्धू मूसेवाला की टी-शर्ट पहन कर रखता था और उसके गाने मोबाइल और टीवी पर सुनता रहता था। अवतार सिंह ने 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। उन्होंने बताया कि जब से सिद्धू मूसेवाला की हत्या हुई है तभी से अवतार गुमसुम रहने लगा था और खाना भी नहीं खा रहा था। आज सुबह वह खेतों में गया था और जब घर पर लौटा बेहोश होकर गिर पड़ा। घरवाले उसे अस्पताल लेकर आए तो डाक्टरों ने बताया उसने फिनाइल पी ली है।

