एक अन्य मामले में आम बेचने वाले से बुलेट पर आए तीन बदमाश मोबाइल व 4 हजार छीनकर फरार
मोहाली, 18 मई (Geenews network) शहर में दो अलग-अलग लूट वारदातें सामने आई है। एक वारदात में तीन बदमाशों ने एक युवक को पेड़ से बांधकर उसके गूगल-पे के माध्यम से हजारों रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए और फरार हो गए। वहीं दूसरी वारदात में बुलेट सवार तीन युवकों ने एक रेहड़ी वाले से 4 हजार व उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस वारदात के आसपास वाले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है ताकि लुटेरों की पहचान हो सके।
फेज-9 के पार्क में तीन बदमाशों ने सेक्टर-69 के रहने वाले मनीष कुमार से लूट की वारदात को अंजाम दिया। मनीष ने फेज-8 थाने में दी शिकायत में बताया कि वह रात के समय ड्यूटी खत्म करके घर आ रहा था और सोने की तैयारी कर रहा था। करीब 12.15 बजे फोन पर डेटिंग एप्प पर मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने पहले उसका हाल चाल पूछा और फिर उसकी लोकेशन मांगी। उसने मैसेज करने वाले को अपनी जानकारी भेज दी। कुछ देर बाद मैसेज करने वाला लडक़ा उसे लेने आ गया। वह उसके मोटरसाइकिल पर बैठकर फेज-9 के पार्क चला गया। कुछ देर बाद पार्क में तीन युवक आए, जिन्हें वह नहीं जानता था। उन्होंने उसे पकड़ लिया और दूसरी जगह ले जाकर पेड़ से बांध दिया। उसे जो लडक़ा मोटरसाइकिल पर लाया था बदमाशों ने उसे पीटा और वहां से भगा दिया।
मनीष अनुसार बदमाशों ने जबर्दस्ती उसके फोन के माध्यम से एक हजार रुपये गूगल-पे से अपने नंबर पर ट्रांसफर कर लिए। उसके बाद उसको जान से मारने की धमकी देते कहा कि वह और पैसे किसी जानकार से मंगवाए। वह घबरा गया और बड़े मामा से 5 हजार और छोटे मामा से 10 हजार रुपये मंगवाकर बदमाशों के खाते में ट्रांसफर करवाए। पैसे हासिल करने के बाद बदमाश गले में डाली चांदी की चेन भी ले गए और साथ ही मोबाइल भी छीन लिया। बदमाश उसे पेड़ से बंधा छोडक़र वहां से फरार हो गए। उसने बदमाशों के जाने के बाद शोर डाला किसी राहगीर ने आकर उसकी रस्सी खोली जिसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। फेज-8 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। लुटेरों की तलाश जारी है।
एक अन्य मामले में थाना फेज-1 के अधीन पड़ते फेज-6 में तीन लुटेरों ने आम बेचने वाले से नकदी व मोबाइल छीन लिया। पीडि़त दीनानाथा ने बताया कि वह गांव मोहाली में रहता है और आम बेचता है। शनिवार रात को फेज-6 स्थित कोठियों में फेरी लगाकर आम बेचने के बाद दारा स्टूडियों वाली तरफ से घर आ रहा था। मोटर मार्केट से पीछे अचानक बुलेट पर आए तीन लुटेरों ने उसको नीचे उतारा और जमीन पर गिरा दिया। उसकी जेब से मोबाइल व 4 हजार रुपये निकाल लिए। जब उसे होश आई तो उसके पास राहगीर थे, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी। उसने बाद में फेज-6 चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। दीनानाथ अनुसार 15 मई को दो मोटरसाइकिल पर आए 5 युवकों ने हथियार दिखाकर जबरन उसके आम ले गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
