5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

मोहाली,15 दिसंबर (Geenews Network) क्रिप्टोकरंसी के नाम पर पटियाला में करवाए सेमिनार में 500 गूंगे-बहरे लोगों को बुलाने के बाद उनसे इनवेस्टमेंट करवाई गई लेकिन बाद में करोड़ों रुपये ठगने के बाद किसी को पैसे वापस नहीं दिए गए। इस संबंध में पंजाब स्टेट क्राइम पुलिस थाना ने 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान अमनदीप शर्मा, नवदीप शर्मा, मदन लाल शर्मा (तीनों वासी पटियाला), शरण शशिधरण थांबी वासी थाना (महाराष्ट्र) और फरहान अहमद वासी गांव काशीपुर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
पीड़ित प्रवेश कुमार (35) वासी गांव धनौरा जिला अंबाला (हरियाणा) ने बताया कि वह जन्म से बहरा है। उसने 5 फरवरी को इस ठगी के मुख्य आरोपी अमनदीप शर्मा (जो खुद गूंगा-बहरा है) द्वारा पटियाला के हरपाल टिवाणा ऑडिटोरियम में करवाए सेमिनार में हिस्सा लिया। इस सेमिनार में करीब 500 गूंगे-बहरे लोग पहुंचे थे। सेमिनार में कंपनी का नुमाइंदा (क्रिप्टो इंवेस्टर) मेक्यिस चोमस्की भी आया था। सेमिनार में अमनदीप शर्मा ने खुद को कंपनी का एशिया का ब्रांड एबेंसेडर बताते हुए कंपनी की योजनाएं बताते हुए पैसा निवेश करने के लिए प्रेरित किया। इस सेमिनार के अलावा अमनदीप शर्मा ने फरहान अहमद, शरण शशिधरण के साथ मिलकर देश के अलग-अलग राज्यों में सेमिनार किए। इनके प्रेरित करने पर कुछ लोगों ने गूगल पे या खाते के जरिए इन्हें पैसे भेजे। वहीं कुछ लोगों ने सेल्फमेकर स्मार्ट सॉल्यूशन कंपनी की वेबसाइट के जरिए निवेश किया। उसने भी 21 अगस्त 2021 को कंपनी की वेबसाइट के जरिए 28500 रुपये का निवेश किया लेकिन 2 साल का समय पूरा होने के बाद उसके अकाउंट में तो 72160 रुपये दिखाई दिए लेकिन वह उन्हें विड्रा नहीं करवा सका। इस पर उसने कंपनी से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। फिर उसने सेमिनार में आए अन्य लोगों से संपर्क किया तो सोनू सैणी, भारत भूषण, गुरप्रीत सिंह, सुरिंदर सिंह आदि ने बताया कि उनके द्वारा भी कंपनी में लगाए पैसों का रिफंड नहीं हुआ है जबकि उन्होंने नियमों के मुताबिक सारे कागज जमा करवा दिए हैं। इसके बाद इस बारे में ज्यादा छानबीन की तो पता चला कि उक्त आरोपियों ने क्रिप्टोकरंसी में निवेश के नाम पर पैसे लेकर मनी लॉड्रिंग के जरिए पोलैंड पहुंचा दी। ऐसा करके आरोपियों ने गूंगे-बहरे लोगों समेत कई लोगों के साथ ठगी की है। इस बात का पता चलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दी जिसकी जांच के बाद अब पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।

By Admin

Translate »