-मोहाली में पिछले एक हफ्ते में पांच किशोरियां लापता, पुलिस ने उन्हें भगाने वाले युवकों पर किया मामला दर्ज
मोहाली 26 जुलाई (Geenews Network ) मोहाली जिले में एक दिन छोड़कर नाबालिक लड़कियां घर से लापता हो रही हैं। मोहाली में पिछले एक हफ्ते में पांच नाबालिक लड़कियां घर से लापता हो चुकी हैं। लापता होने का कारण युवकों द्वारा किशोरियों को शादी का झांसा देकर साथ ले जाना सामने आया है। बहरहाल लापता किशोरियों की पुलिस तलाश कर रही है वहीं पुलिस ने इन किशोरियों को बहला फुसला कर ले जाने वाले युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। लापता सभी किशोरियां प्रवासी परिवार से ताल्लुक रखती हैं।
पहला मामला नयागांव थाने में दर्ज किया गया है। 16 जुलाई से 15 वर्षीय नाबालिक लड़की लापता है। इस युवकी को कोई अज्ञात युवक साथ ले गया है। पीड़ित युवती के पिता ने थाने में उसे अगवा करने की शिकायत दी थी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दूसरा मामला सिटी कुराली में दर्ज किया गया है। यहां 17 वर्षीय युवती 19 जुलाई से लापता है। युवती अपने घर से सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी लेकिन वापिस नहीं लौटी। इस मामले में लापता युवती के पिता ने पुलिस को शिकायत दी थी की उसकी बेटी को मोरिंडा के रहने वाला रजिंदर सिंह शादी का झांसा देकर भगा ले गया है। पुलिस ने पिता के बयान पर रजिंदर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
तीसरा मामला जीरकपुर थाने में दर्ज किया गया है। यहां 4 जुलाई से 16 साल की नाबालिक युवती लापता है जिसे कोई अज्ञात शादी का झांसा देखकर बहला फुसला कर अपने साथ ले गया। इस मामले में भी पीड़ित युवती के पिता के बयान पर अज्ञात युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
इसके अलावा चौथा मामला फेज-1 थाने में दर्ज किया गया है। यहां 16 वर्षीय युवती 20 जुलाई से लापता है। फेज-7 की अमर कॉलोनी की रहने वाली प्रवासी युवती को देसराज नाम का युवक शादी का झांसा देकर भगा ले गया । इस मामले में भी पुलिस ने पीड़ित युवती के पिता के बयान पर देसराज के खिलाफ बीएनएस की धारा 137 (2) के तहत मामला दर्ज कर लापता युवती की तलाश शुरू जार दी है। पांचवा मामला सदर खरड़ में दर्ज किया गया है। यहां 17 वर्षीय युवती 27 मार्च से लापता है। पुलिस ने इस मामले में पांच महीने बाद मामला दर्ज किया है। संते माजरा की रहने वाली युवती को सुनाम संगरूर के रहने वाला अर्श शादी का झांसा देकर भगा ले गया। पुलिस ने अर्श के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
