
फतेहगढ़ साहिब,2 जून (Geenews network) आज सुबह करीब 4 बजे फतेहगढ़ साहिब में भयानक रेल हादसा हो गया. यहां दो ट्रेनों की टक्कर हो गई. एक मालगाड़ी का इंजन पलट गया और एक यात्री ट्रेन भी इसकी चपेट में आ गई. हादसे में दो पायलट घायल हो गए, जिन्हें राजिंदरा अस्पताल, पटियाला रेफर किया गया।जानकारी के मुताबिक, हादसा न्यू सरहिंद स्टेशन के पास मालगाड़ियों के लिए बने डीएफसीसी ट्रैक पर हुआ. यहां पहले से ही कोयले से लदी दो मालगाड़ियां खड़ी थीं। आज सुबह एक मालगाड़ी का इंजन खुल गया और दूसरी से टकरा गई। इसके बाद इंजन पलट गया और अंबाला से जम्मू तवी जा रही पैसेंजर ट्रेन समर स्पेशल (04681) में फंस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मालगाड़ी की बोगियां भी आपस में टकरा गईं। हालांकि, पैसेंजर ट्रेन में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है. इंजन की चपेट में आते ही पैसेंजर ट्रेन में सवार सैकड़ों यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी. हादसे में दो पायलट घायल हो गए हैं. उनकी पहचान सहारनपुर निवासी विकास कुमार और हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। विकास के सिर पर और हिमांशु की पीठ पर चोट लगी है।उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में भर्ती कराया गया और प्राथमिक उपचार के बाद पटियाला रेफर कर दिया गया।उधर, अंबाला से लुधियाना अप लाइन पूरी तरह से ठप हो गई है। अंबाला डिविजन के डीआरएम समेत रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।
