गिरफ़्तार किये गए अधिकतर आरोपी विद्यार्थी हैं और फ़ौज में भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे-डीजीपी गौरव यादव

चंडीगढ़, 26 मई (Geenews network)सीमापार नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले नैटवर्क के खि़लाफ़ बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए फाजिल्का पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ सांझे आपरेशन के दौरान अंतरराष्ट्रीय नार्काे तस्करी माड्यूल के सात आरोपियों को 5.47 किलोग्राम शुद्ध हेरोइन और 1.07 लाख रुपए की ड्रग मनी सहित गिरफ़्तार करके इस मड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरैक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी। गिरफ़्तार किये गए व्यक्तियों की पहचान बलजिंदर सिंह उर्फ लवली (21), सुखचैन सिंह उर्फ लक्की (19) और सोलव सिंह (19) तीनों निवासी गाव पिरे के उतर, फाजिल्का; गुरचरन सिंह उर्फ मिलखा (21) निवासी गाँव चक्क सवाह वाला, फाजिल्का, करनदीप सिंह (29) निवासी गाँव बादल के, फाजिल्का, दलजीत सिंह उर्फ मानी (23) निवासी महातम नगर, फाजिल्का और कमलदीप सिंह (32) निवासी गाँव कोट गोबिन्दपुरा, कपूरथला के तौर पर हुई है। आरोपी कमलदीप सिंह की आपराधिक पृष्टभूमि है और वह पहले भी कपूरथला में ऐनडीपीऐस एक्ट के दो मामलों में शामिल है। हेरोइन और ड्रग मनी की बरामदगी के इलावा पुलिस टीमों ने इनके कब्ज़े में से 40 जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फ़ोन, 8.4 ग्राम सोना और 68.97 ग्राम चांदी बरामद करने के इलावा उनकी हुंडई वर्ना कार और तीन मोटरसाईकल भी ज़ब्त किये हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता लगा है कि ज़्यादातर आरोपी, जोकि किशोर उम्र के हैं, विद्यार्थी हैं और जब फ़ौज में भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे, तब उनकी जान-पहचान कपूरथला आधारित आरोपी कमलदीप सिंह से हुई और उन्होंने सीमा पार से हेरोइन की तस्करी शुरू कर दी। उन्होंने आगे बताया कि गिरफ़्तार किये गए आरोपी पाकिस्तान आधारित तस्कर के संपर्क में थे और ड्रोन के द्वारा नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त करते थे। उन्होंने कहा कि उनके अगले-पिछले संबंधों का पता लगाने और पाकिस्तान आधारित नशा तस्कर की पहचान करने के लिए जांच जारी है। इस कार्यवाही से संबंधित विवरण सांझा करते हुए सीनियर पुलिस कप्तान (एसएसपी) डा. प्रग्या जैन ने बताया कि पुलिस टीमों को भरोसेयोग्य सूत्रों से सूचना मिली थी कि आरोपी बलजिंदर सिंह, सुखचैन सिंह, सोलव सिंह, गुरचरन सिंह, करनदीप सिंह और कमलदीप सिंह ने पाकिस्तान से नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त की है और आरोपी बलजिंदर के घर छुपा कर रखी है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर तुरंत कार्यवाही करते हुए थाना अमीर ख़ास की टीमों ने मौके पर छापेमारी की और सभी आरोपियों को उस समय काबू किया जब वह अपनी वर्ना कार में घर से जाने वाले थे और उनके कब्ज़े में से नशीले पदार्थों की खेप, जिंदा कारतूस और ड्रग मनी बरामद की। उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस टीमों ने आरोपी दलजीत सिंह को भी गिरफ़्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों में से ज़्यादातर पहली बार आपराधिक गतिविधियों में शामिल हुए थे और पिछले चार महीनों से नशा तस्करी के इस धंधे में लगे हुए थे। उन्होंने आगे कहा कि इस संबंधित आगे जांच जारी है।
