जगजीत सिंह का था गैंगस्टरों से संपर्क, वहीं लाता था केस, प्रति केस 40 से 50 लाख रुपये लेते थे रकम

मोहाली,23मई (हप्र)फर्जी पासपोर्ट पर गैंगस्टरों को विदेश भेजने के मामले में दिल्ली बेस्ड पकड़े गए दो इमिग्रेशन एजेंटों ने पुलिस रिमांड में कई खुलासे किए हैं। सूत्रों के अनुसार शाजेब आबिद उर्फ शाजेब उर्फ साजिद और मोहम्मद कैफ से पूछताछ में पता चला कि उन्हें जगजीत सिंह उर्फ जीता उर्फ सोनू केस लाकर देता था। जगजीत सिंह ही गैंगस्टरों के संपर्क में था। जगजीत गैंगस्टरों को बताता था कि उसके संपर्क में ऐसे इमिग्रेशन वाले हैं जो फर्जी पासपोर्ट बनाकर विदेश भेज देते हैं। सूत्रों के अनुसार उक्त आरोपी प्रति केस 40 से 50 लाख रुपये रकम लेते थे और पूछताछ में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि आरोपी अब तक करीब 20 से ज्यादा आपराधियों को फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भगा चुके हैं।एसएसओसी को आरोपियों के मोबाइल से कई तरह की चैटिंग मिली है और कुछ डाक्युमेंट भी मिले हैं जो बताया जा रहा है कि आपराधियों के हो सकते हैं। दोनों आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर थे। पिछला रिमांड खत्म होने के बाद उन्हें वीरवार को दोबारा से मोहाली अदालत में पेश किया गया जहां अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।बता दें कि स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) मोहाली ने गुप्त सूचना मिलने पर उक्त दोनों इमिग्रेशन एजेंटों को पंजाब के विभिन्न कट्टर अपराधियों को देश से बाहर भागने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को एसएसओसी ने मंगलवार को मोहाली कोर्ट में पेश किया जहां अदालत ने उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। दोनों आरोपी डी -89 डीडीए फ्लैट रणजीत सिंह फ्लाईओवर के पास दिल्ली के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल थाना मोहाली में आईपीसी की धारा 467, 468, 471, 120 बी व 12 पासपोर्ट अधिनियम 1967 के तहत मामला दर्ज किया गया है।आरोपियों ने उन अपराधियों को विदेश भागने में मदद की जो अपराध करने के बाद जमानत या पैरोल पर बाहर आकर विभिन्न आव्रजन एजेंटों की मदद से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने नकली पहचान पासपोर्ट बनाकर विदेश भाग गए थे। सबसे पहले कार्रवाई करते हुए एसएसओसी मोहाली ने जगजीत सिंह उर्फ जीता उर्फ सोनू निवासी अर्बन एस्टेट फेस 01, थाना डिविजन-7 जालंधर को गिरफ्तार किया था। उसकी पूछताछ से प्राप्त सुरागों के आधार पर दिल्ली स्थित दो इमिग्रेशन एजेंटों को गिरफ्तार किया गया। पोलैंड और पुर्तगाल जैसे यूरोपीय देशों में उन व्यक्तियों को भेजा गया।गिरफ्तार जगजीत सिंह उर्फ जीता उर्फ सोनू पंजाब की विभिन्न जेलों में बंद रहते हुए ऐसे लोगों को ग्राहक देता था जो अपराधी होते थे। साजिद और मोहम्मद कैफ की पृष्ठभूमि जिन्होंने फर्जी पहचान पासपोर्ट पर व्यक्ति को देश से बाहर भागने में मदद की। पासपोर्ट और दस्तावेज साजिद और मोहम्मद कैफ द्वारा तैयार करते थे। इन लोगों में पंजाब का खूंखार गैंगस्टर गोपी नवाशहरिया (पाक ठिकानों के आतंकवादी हरविंदर उर्फ रिंदा का करीबी सहयोगी) शामिल है, जो फर्जी पहचान पर वर्ष 2022 में पोलैंड भाग गया, संगरूर का सुखजीत सिंह उर्फ सुक्खा कलौदी (अमेरिका भाग गया), लुधियाना का गुरप्रीत सिंह उर्फ लेहंबर सिधवां शामिल हैं जो (कनाडा भाग गया) जिन पर दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।

By Admin

Translate »