चुनाव आचार संहिता लगने के बाद पुलिस ने 23 हथियार तस्करों को किया गिरफ्तार
आरोपियों से अब तक 28 पिस्टल, 1 राइफल , 3 देसी कट्टे , 98 कारतूस व 7 मैग्जीन बरामद
मोहाली( Geenews network) मध्यप्रदेश से हथियारों की तस्करी का सिलसिला लगातार जारी है। पहले हथियारों की तस्करी यूपी से हुआ करती थी लेकिन अब पंजाब में माहौल खराब करने के लिए मध्यप्रदेश से हथियार लाए जा रहे हैं। बेशक स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) लगातार बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ए व बी कैटागिरी के गैंगस्टरों को हथियारों की खेप के साथ पकड़ चुकी है लेकिन चुनावों में पंजाब का माहौल खराब करने के लिए इन हथियारों की तस्करी की जा रही है। बड़े गैंगस्टर वारदातों को अंजाम देने के लिए अपने गूर्गों तक हथियार पहुंचा रहे हैं। चुनाव आचार संहिता लगने के बाद से पुलिस अब तक आम्र्स एक्ट के 16 मामले दर्ज कर 23 हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए आरोपियों से 28 पिस्टल, 1 राइफल , 3 देसी कट्टे , 98 कारतूस व 7 मैग्जीन बरामद कर चुकी है।
मंगलवार को राजपुरा से पकड़े दोनों आरोपियों अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत निवासी गांव मुस्तफाबाद इंदिरा कॉलोनी बटाला रोड अमृतसर और सुखवंत सिंह निवासी ग्राम रानीगढ़ अटारी बॉर्डर अमृतसर को मोहाली कोर्ट में पेश किया जहां अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसएसओसी ने आरोपियों को स्पेशल इनपुट पर गिरफ्तार किया था। आरोपी मध्यप्रदेश से .32 बोर के 6 पिस्टल और 4 कारतूस लेकर बस में आ रहे थे। एसएसओसी टीम ने उन्हें राजपुरा से गिरफ्तार किया था।
छह दिन पहले मोहाली पुलिस ने शरणजीत सिंह उर्फ सन्नी निवासी तरनतारन को 6 हथियार व 20 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया था। शरणजीत सिंह विदेश में बैठे आतंकवादी लखबीर लंडा के लिए काम करता थ। वह आंतकी के साथियों को हथियार सप्लाई करता था। वह भी मध्यप्रदेश से हथियार लेकर आया था। वह यह हथियार पंजाब के माझा इलाके में फिरौती, कत्ल और आतंकवादी जैसी घटनाओं को अंजाम देने के लिए लाया था।आरोपी शरणजीत सिंह के खिलाफ फरवरी 2024 में पंजाब के सुल्तानपुर इलाके में एक मामला दर्ज हुआ था।
इससे पहले पुलिस ने ए श्रेणी यानी खूंखार गैंगस्टरों की श्रेणी में शामिल गैंगस्टर मलकीत सिंह उर्फ नवाब को उसके साथी गमदूर सिंह उर्फ विक्की के साथ दबोचा था। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश से 6 पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस और 10 पिस्टल मैगजीन लेकर दप्पड़ टोल प्लाजा की ओर आ रहे थे, जब पुलिस ने मिली सूचना पर दोनों आरोपियों को दबोचा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गैंगस्टर नवाब पर रोपड़, जालंधर, फरीदकोट व फिरोजपुर एरिया में 30 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस इंटरस्टेट आम्र्स कार्टल से अब तक 100 के करीब अवैध हथियार जब्त किए जा चुके हैं। ये दोनों आरोपी गैंगस्टर गोपी घनश्यामपुरिया और हैरी च_ा गैंग से तालुक रखते हैं। गैंगस्टर नवाब का संबंध हैरी व गोटी झामपुरिया गैंग से है। उसका इनसे सीधा संपर्क था। उसे यह हथियार अमृतसर एरिया में पहुंचाने थे जिसके लिए उसने वाया लालडू रूट को चुना था, इसकी पुलिस को सूचना मिली थी। वहीं, उसका साथी गमदूर उर्फ विक्की नवाब के जेल से आने के बाद ही उससे मिला था। पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने अलर्ट किया था कि लोकसभा चुनाव के दौरान ऐसे में कई आतंकी और गैंग साजिश रचने में जुटे हुए हैं, इसको ध्यान में रखते हुए पुलिस पूरी तरह एक्टिव है, 24 घंटे आपराधिक गतिविधियों के इनपुट पर नजर रखी जा रही है।
मध्य प्रदेश से हथियारों की तस्करी को लेेकर पुलिस की कुछ टीमें मध्यप्रदेश के लिए रवाना की गई हैं। वहीं मध्य प्रदेश पुलिस से नेशनल लेवल पर भी संपर्क किया जा रहा है। स्टेट -टू-स्टेट पुलिस से संपर्क साधा हुआ है। हथियारों की तस्करी के मुख्य सरगना को पकडऩे के लिए मध्यप्रदेश में रेड की जा रही है। इससे पहले भी मध्य प्रदेश से आए हथियारों व तस्करों को मोहाली पुलिस ने बॉर्डर एरिया से गिरफ्तार किया था।
डॉ. संदीप गर्ग, एसएसपी मोहाली
