आतंकवादी लंडा के कहने पर पंजाब के माझा एरिया में गैंग को करता था हथियारों की सप्लाई
आरोपी से 6 पिस्टल व 20 कारतूस बरामद

मोहाली 17 मई (Geenews Network) मोहाली के इंटेलीजेंस हैडक्वार्टर पर आरपीजी अटैक करवाने वाले विदेश में बैठे आतंकवादी लखबीर सिंह लंडा व जस्सल का खास गूर्गा स्पेशल सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय शरनजीत सिंह उर्फ सन्नी निवासी गांव बहिला जिला तरनतारन के रूप में हुई है। आरोपी से पुलिस को .32 बोर की 4 पिस्टल, .30 बोर की 2 पिस्टल और 20 कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी शरनजीत को लालडू थाने में दर्ज आम्र्स एक्ट के मामले में नामजद किया गया है। यह मामला 21 अप्रैल 2024 को दर्ज हुआ था। इस मामले में पुलिस को आरोपी की तलाश थी जो लंबे समय से पुलिस से आंख मिचौली खेल रहा था। वर्ष 2022 में पुलिस इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर की बिल्डिंग पर आतंकवादी लखबीर सिंह लंडा ने आरपीजी अटैक करवाया था। आतंकवादी लखबीर लंडा की गैंग को हथियार सप्लाई करता था आरोपी आरोपी शरनजीत सिंह आतंकवादी लखबीर सिंह लंडा का बेहद करीबी व सरगर्म मैंबर है। वह लंडा की गैंग को अवैध हथियार व कारतूस मुहैया करवाने का काम करता था। लंडा का गैंग पंजाब के माझा एरिया में काफी सरगर्म हैं। इस गैंग को लंडा विदेश से ऑपरेट करता है। उसके ईशारे पर जरूरत अनुसार शरनजीत सिंह उर्फ सन्नी साथियों को हथियार मुहैया करवाता था। इस गैंग को फिरौती, कत्ल व आतंकवादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। आरोपी शरनजीत सिंह से पूछताछ जारी है। आरोपी अजयपाल सिंह की निशानदेही पर गिरफ्तार पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी शरनजीत सिंह को पहले से पकड़े अजयपाल सिंह निवासी गांव बहिला जिला तरनतारन की निशानदेही पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अजयपाल को स्पेशल सूचना पर 25 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। आरोपी अजयपाल से पुलिस को एक .30 बोर पिस्टल बरामद हुई थी। उसी ने पुलिस को इनपुट दी थी कि शरनजीत सिंह हथियारों की तस्करी करता हैं और वह आतंकवादी लंडा के लिए काम करता है। आरोपी अजयपाल को पहले से गिरफ्तार गैंगस्टर मलकीत सिंह उर्फ नवाब की निशानदेही पर गिरफ्तार किया गया था। मध्यप्रदेश से होती थी हथियारों की तस्करी एसएसपी मोहाली डॉ. संदीप गर्ग ने बताया कि स्पेशल ब्रांच व क्रिमिनल इंटेलीजेंस मोहाली की टीम ने 21 अप्रैल को एक स्पेशल नाके दौरान ए कैटागिरी गैंगस्टर मलकीत सिंह नवाब व गमदूर सिंह निवासी अमृतसर को गिरफ्तार किया था। आरोपियों को लालडू एरिया से गिरफ्तार किया था। दोनों ब्रैजा गाड़ी में मध्यप्रदेश से हथियार लेकर आ रहे थे। आरोपियों से उस समय 6 पिस्टल, 12 मैग्जीन, 10 कारतूस बरामद हुए थे। आरोपी मध्यप्रदेश से अवैध हथियार लाकर पंजाब में उसकी तस्करी में शामिल थे। आरोपी शरनजीत सिंह उर्फ सन्नी उनके संपर्क में था जो आगे इन हथियारों को गैंग तक पहुंचाता था। आरोपियों के खिलाफ लालडू थाने में आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसी नेटवर्क को तोडऩे के लिए आगे मलकीत सिंह फिर अजयपाल और अब शरनजीत को गिरफ्तार किया गया है।
