फैसला वापस लेने की दी चेतावनी, कहा अगर ऐसा ना हुआ तो संघर्ष होगा तेज

मोहाली 3 नवम्बर(Geenews Network) इलाके की जमीनों का इंतकाल बदलने का काम शुरू होने पर इलाका वासियों ने विरोध शुरु कर दिया है। सरकार के खिलाफ वीरवार को लोग सडक़ों पर उतर आए और सरकार को फैसला वापस लेने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर सरकार फैसला वापस नहीं लेती तो आने वाले दिनों में संघर्ष और तेज किया जाएगा। जिक्रयोग है कि सरकार ने पिछले दिनों विशेष सत्र बुलाकर विलेज कामन एक्ट में बदलाव के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले को लागू करने का आदेश दिया था, जिस पर अब प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरु कर दी गई है। नयागांव के भगत सिंह चौक पर शाम करीब 5 बजे लोगों को इक्ट्ठा होने को कहा गया था। तय समय पर लोग इक्ट्ठा हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

लोगों में रोष था कि उनकी जीवन भर की पूंजी वह इन मकानों पर लगा चुके हैं, लेकिन सरकार के ऐसे फैसले के कारण उनके सपने टूट गए हैं। इलाका निवासी गणेश शर्मा का कहना है कि वह मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है। उसने अपनी जिंदगी की सारी कमाई लगाकर यहां पर मकान बनाया था। लेकिन सरकार के एक फैसले के बाद उसका परिवार अब सडक़ों पर आने की हालात में है। वह एवं उसका परिवार हरियाणा से चंडीगढ़ अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए आये थे। लेकिन सरकार के इस फैसले के बाद बच्चों की पढ़ाई तो दूर उनके सिर से आशियाना छीनने का खतरा मंडरा रहा है।वहीं अन्य लोगों का आरोप है कि उन्होंने अपना आशियाना बनाने के लिए बैंक से लोन लिए हैं, कई लोगों ने अपने गहने तक गिरवी रखे हुए हैं। सरकार का ऐसा रवैया उन जैसे लोगों को आहत कर रहा है।

लोगों ने लाखों रुपए की स्टांप ड्यूटी देकर रजिस्ट्रियां अपने नाम करवाई हैं, उस समय सरकार को देखना चाहिए था कि यह शामलात जमीन है। लोगों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो वह किसी भी हद तक जा कर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे।

By Admin

Translate »