लुधियाना में सोलर लाइट्स में घपलेबाजी में आया नाम

दो दिन पहले मुल्लांपुर में भी कैप्टन संधू के दफ्तर और घर पर विजिलेंस ने की थी रेड

मोहाली 8 अक्टुबर (Geenews Network) – पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के ओएसडी रहे कांग्रेसी नेता कैप्टन संदीप संधू के फेज-10 स्थित घर में शनिवार विजिलेंस की टीम ने छापेमारी की। हालांकि जिस समय पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की टीम जांच के लिए कैप्टन संदीप संधू के घर पहुंची तो वह घर पर मौजूद नहीं था। तीन गाडिय़ों में सवार पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की टीम सुबह 10 बजे के करीब संधू की फेज-10 स्थित कोठी नंबर -2120 पहुंची और जांच शुरु की। विजिलेंस की टीम साढ़े 11 बजे तक संधू के घर के अंदर जांच करती रही और उसके बाद विजिलेंस के अधिकारी गाडिय़ों पर सवार होकर वापस चले गए। जांच के बाद बाहर निकले विजिलेंस अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत करने से साफ इंकार दिया और रूटीन चैकिंग की बात कहकर वहां से चले गए। वहीं दूसरी तरफ कैप्टन संधू की ओर से भी मीडिया से कोई बात नहीं की।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेता कैप्टन संदीप संधू की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही है। लुधियाना में सोलर लाइट्स में घपलेबाजी के आरोप में विजिलेंस की टीम ने कैप्टन संदीप संधू के मोहाली स्थित घर में दबिश दी थी। गौर हो कि लुधियाना में 26 गांवों में लगने वाली 65 लाख की सोलर लाइट्स में घपलेबाजी को लेकर में पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह के पूर्व ओएसडी कैप्टन संदीप संधू का नाम सामने आया था। जिसके बाद विजिलेंस की टीम रिकार्ड खंगालने के लिए मोहाली पहुंची थी। विजिलेंस उनकी प्रापर्टी से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है। वहीं संधू की गिरफ्तारी भी हो सकती है। बताया जा रहा है कि विजिलेंस अधिकारियों के हाथ कुछ दस्तावेज लगे हैं, जो गिरफ्तारी का आधार बनेंगे। बता दें कि दो दिन पहले मुल्लांपुर में भी कैप्टन संधू के दफ्तर और घर पर विजिलेंस ने रेड की थी। गौरतलब है कि विजिलेंस द्वारा मामले की जांच के दौरान पकड़े गए जिला परिषद चेयरमैन लखविंदर सिंह, बीडीपीओ सतविंदर सिंह और बीडीओ तेजा सिंह से पूछताछ में हरप्रीत सिंह का नाम सामने आया था। हरप्रीत सिंह को पकडक़र उससे पूछताछ की गई तो कैप्टन संदीप संधू का नाम निकलकर सामने आया। संधू पर आरोप हैं कि उन्होंने चैक पास करवाने का दबाव बनाया और पैसे लिए थे।


By Admin

Translate »