मोहाली, 15 जनवरी(Geenews Network)
मोहाली जिले में साइबर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑपरेशन साइबर के तहत करीब 15 लाख रुपए की कीमत के 90 स्नैच व चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।  डीएसपी साइबर क्राइम जतिंदर चौहान के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में साइबर क्राइम पुलिस  और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुलिस ने इस अभियान के दौरान 55 के करीब अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुछ स्नैचर, चोर व ऐसे दुकानदार है जो स्नैच और चोरी किए मोबाइल खरीदते थे। डीएसपी ने कहा कि अभी कुछ स्नैचर व  चोरों को पकड़ने के लिए टीम काम कर रही है । उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जो मोबाइल रिकवर किए हैं वह मोहाली व उसके आसपास के एरिया से चोरी व स्नैच किए गए थे। इनमें कुछ मोबाइल ऐसे हैं जो गुम हो गए थे उनके भी मालिकों को ट्रेस करके उन्हें मोबाइल सौंपे गए है। उन्होंने कहा कि सभी बरामद फोनों की जांच करवाने उपरांत मालिक को सौंपने से पहले उनकी वेरिफिकेशन की पुष्टि करने के लिए रिकार्ड तैयार किया गया और फिर असल मालिक को फोन दिए गए।
यह अभियान महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम, एवं तकनीकी सेवाएं पंजाब व मोहाली के निर्देश पर चलाया गया। डीएसपी चौहान ने बताया कि उनकी टीम ने सभी स्नैच, चोरी और गुमशुदा मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके वैध मालिकों तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त की है। मोबाइल फोन वापस पाकर स्थानीय नागरिकों ने मोहाली साइबर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की और धन्यवाद दिया। यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत पुलिस लगातार साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है।
अपील
डीएसपी जतिंदर चौहान  ने आमजन से अपील की है कि अगर किसी भी व्यक्ति का मोबाइल चोरी/गुम होता है तो अपने नजदीकी थाने पर जाकर अथवा साइबर थाने में जाकर गुमशुदगी दर्ज कराएं या स्वयं भी सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुमशुदगी दर्ज कर सकते हैं।

By Admin

Translate »