बिल्डिंग में चल रहा था जिम, देर शाम जांच के लिए डीजीपी गौरव यादव भी पहुंचे



मोहाली, 21 दिसंबर (Geenews Network):
मोहाली में शनिवार शाम बड़ा हादसा हुआ है। मोहाली के सोहाना में एक पांच मंजिला इमारत गिर गई । इमारत के गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे । राहत व बचाव का काम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इमारत के अंदर एक रॉयल जिम चल रहा था। इमारत के पास एक बेसमेंट की खुदाई भी चल रही थी, जिससे बिल्डिंग की नींव कमजोर हो गई और वह धराशाही हो गई। हादसे के समय जिम में लोग एक्सरसाइज कर रहे थे, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि मलबे में जिम में मौजूद लोग दबे हो सकते हैं। प्रशासन जिम प्रबंधकों से पता कर रहा है कि हादसे के वक्त जिम में कितने लोग थे। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था वहीं देर शाम जीपी गौरव यादव भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने पुलिस टीम के साथ मौके का मुआयना किया और जल्द ही मलबे को उठाकर नीचे दबे लोगों की जांच के निरीक्षण करने के निर्देश दिए।


हादसा बाद दोपहर सोहाना सैनी बाग के पास बिल्डिंग में हुआ है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग की पहली और दूसरी फ्लोर पर जिम था और तीसरी फ्लोर पर कोचिंग सेंटर था।  इमारत गिरने से मौके पर हड़कंप मच गया। लोगों के बताने अनुसार मलबे में करीब 20 लोगों के दबे होने की आशंका है लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी किसी ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मलबे में दबे लोगों को बचाने की कोशिश कर रही हैं। मोहाली के एसएसपी दीपक पारीक ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। मलबे में कितने लोग दबे हैं, अभी इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। हादसे की जांच चल रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे हैं। कुलवंत सिंह का कहना है कि अभी राहत व बचाव का कार्य चल रहा है। एनडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया है। वहीं पुलिस प्रशासन की तरफ से भी बचाव कार्य चलाया जा रहा है। घटना स्थल पर जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।
दोषियों पर करेंगे कार्रवाई- सीएम
साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) के सोहाना के पास एक बहुमंजिला इमारत के हादसे का दुखद समाचार मिला है। पूरा प्रशासन और अन्य बचाव कार्यों वाली टीमें मौके पर तैनात हैं। मैं प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। प्रार्थना करते हैं कि कोई जान-माल का नुकसान ना हुआ हो, दोषियों पर कार्रवाई भी करेंगे। लोगों से अपील है कि प्रशासन का सहयोग करें। -सीएम भगवंत मान

By Admin

Translate »