मोहाली,1 जुलाई (Geenews network)मोहाली के गांव कंडाला में एक युवक की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय कमलजीत सिंह के रूप में हुई है। कमलजीत सिंह दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी दोनों बहनें उससे छोटी हैं। 3 बजे के आसपास वह बेहोशी की हालत में गांव में ही एक दुकान के बाहर पड़ा मिला। लोगों ने उसके परिवार को इसकी सूचना दी जिसके बाद परिवार वाले उसे जीएमसीएच-32 अस्प्ताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कमलजीत सिंह 10वीं पास था। उसके पिता जसपाल सिंह दिहाड़ी का काम करते हैं। गांव कंडाला के पूर्व सरपंच मलकीत सिंह ने बताया कि कमलजीत भी दिहाड़ी करता था और वह दोस्तों के साथ मिलकर नशे की लत लगा बैठा। उसने कई बार उसे नशा ना करने के लिए कहा। पूर्व सरपंच ने कहा कि सोमवार सुबह 9 बजे वह उसके साथ खेतों में आया था। उसने कमलजीत सिंह को काफी समझाया जिसके बाद वह उसके पास से चला गया। उसने वहां से निकलकर कहीं नशा किया और उसके बाद गांव की एक दुकान पर जाकर बीडी पीने लगा। बीडी पीते हुए वह एकदम बेहोश हो गया और जमीन पर गिर गया। गांव के लोगों ने उसे बेहोशी की हालत में देखा और उसके परिवार को इसकी सूचना दी। परिवार वाले उसे ईलाज के लिए जीएमसीएच-32 ले गए जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी कुछ घंटे पहले मौत हो चुकी है। पूर्व सरपंच मलकीत सिंह ने कहा कि नशे के दलदल में फंस कर नौजवान मौत के मुंह में जा रहे हैं। न चाहते हुए भी युवा नशे की जंजीरों में इस कदर फंस जाते हैं कि फिर वह उससे बाहर नहीं निकल पाते। नशे ने न जाने कितने घरों के चिराग बुझा दिए। सरकारों के दावों के बावजूद नशे खत्म नहीं हो रहा है, लेकिन नशे से जिंदगियां जरूर खत्म हो रही है। कुछ माह पहले भी मोहाली के जीरकपुर में 33 वर्षीय नवीन की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई थी। नवीन मूल रुप से गांव डिडोर नहरा मंडी हिमाचल प्रदेश का रहने वाला था। वह जीरकपुर-पटियाला रोड पर स्थित लक्की ढाबे के नजदीक एक किराये के घर पर रहता था।

By Admin

Translate »