मोहाली 26 मई (Geenews Network) लोगों को विदेश भेजने के नाम पर उनसे 77.89 लाख रुपये की धोखाधड़ी के एक मामले में नामजद दविंदर गिल उर्फ थापा को पुलिस प्रोडक्शन वारंट मोहाली लाई है। दविंदर गिल को वर्ष 2022 के एक मामले में गिरफ्तार कर मोहाली कोर्ट में पेश किया गया जहां अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी दविंदर गिल के खिलाफ वर्ष 2022 में थाना फेज-1 में 23 बच्चों की शिकायत पर आईपीसी की धारा 406, 420, 120बी व पंजाब ट्रैवल प्रोफेशन एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले पुलिस ने दविंदर गिल के अलावा उसकी पत्नी क्रिस्पी खैहरा, रवनीत रंधावा व सोनम आनंद को भी नामजद किया था। दविंदर गिल उर्फ थापा अपनी पत्नी के साथ मिलकर मोहाली फेज-1 इंडस्ट्रियल एरिया में स्कूल आफ इंटरनेशनल स्टडी के नाम से इमीग्रेशन कंपनी चला रहा था। उनके खिलाफ 23 लोगों की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था। आरोपियों ने उक्त सभी 23 स्टूडेंट्स को विदेश भेजने के नाम पर कुल 77.89 लाख रुपये की ठगी मारी थी। रकम लेने उपरांत कंपनी प्रबंधकों ने ना तो उन्हें वीजा दिया था और ना ही उनकी रकम वापिस की थी। दविंदर गिल इन दिनों चंडीगढ़ में एक धोखाधड़ी के मामले में बुडैल जेल में बंद था जिसे मोहाली पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। दविंदर की पत्नी व उसके बाकी साथी फरार है जिनकी पुलिस को तलाश है।
