चार बच्चे व दो महिलाओं सहित आठ जख्मी

लालड़ू 18 जनवरी (Geenews Network) अंबाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर लालड़ू स्थित टीसी स्पिनर्ज फैक्ट्री के अंदर खुली एक निजी दुकान में रखे रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे चार बच्चे और दो महिलाओं सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जख्मियों को उपचार के लिए पहले सिविल अस्पताल अंबाला में भर्ती कराया गया, जहां से 5 जख्मियों की नाजुक हालत देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जख्मियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। धमाका इतना जोरदार था कि दुकान की दीवार ढह गई, दरवाजा ढह गया और फ्रिज के टुकड़े टुकड़े हो गए। जानकारी अनुसार उक्त फैक्ट्री के अंदर लालड़ू निवासी कुलवंत सिंह ने करियान के सामान की दुकान खोल रखी है, जिसमें दूध और सब्जी रखने के लिए एक बड़ा फ्रिज भी रखा हुआ था। मंगलवार देर शाम दुकान में रखे बड़े फ्रिज का कंप्रेशर अचानक फट गया। जिसके बाद चारों ओर अफरातफरी मच गई। दुकान के बाहर खेल रहे बच्चों व महिलाओं सहित दुकान मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। जख्मियों में दुकान के बाहर खेल रहे बच्चे अमृता 8 वर्ष, मुस्कान 4 वर्ष, खुशबू 6 वर्ष सभी पुत्रियाँ रंजीत सिंह व साक्षी 5 वर्ष पुत्री उपिंदर और रेनू 30 वर्ष पत्नी रंजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिन को इलाज के लिए पहले अंबाला शहर के सिविल अस्पताल और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। इसके अलावा खुश कुमार 25 वर्ष, सोनम 21 वर्ष व दुकान मालिक कुलवंत सिंह 55 वर्ष का इलाज अंबाला शहर के सिविल अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर एएसआई पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने मौके पर पहुंचकर मामले की गंभीरता से जांच की और पुलिस घायलों से अस्पताल में मुलाकात कर उनके बयान ले रही है ताकि उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।

फैक्ट्री में घटना का जायजा लेने पहुंची स्थानीय पत्रकारों की टीम को घटना स्थल पर जाने से रोक दिया और मामले संबंधी कोई भी जानकारी देने से मना कर दिया ताकि फैक्ट्री प्रबंधको की सुरक्षा मामले को लेकर पोल न खुले जाए । फिलहाल पुलिस ने अभी तक किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है लेकिन ब्यान लिखकर जांच की जा रही है।
