मोहाली 13 दिसम्बर (Geenews Network) – मोहाली नगर निगम के चार तह बाजारी विंग के इंस्पेक्टरों को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई निकाय विभाग के डायरेक्टर ऊमा शंकर गुप्ता की ओर से की गई है। इस संबंधी बकायदा एक पत्र नगर निगम में भेजा है जिस में मोहाली नगर निगम के चार अतिक्रमण इंस्पेक्टरों को तुरंत सस्पेंड करने का निर्देश है। हालांकि पत्र में उनके खिलाफ सिर्फ यही कहा गया है कि यह रिपोर्ट के आधार पर इनको सस्पेंड किया गया है।
इन्हें किया सस्पेंड
सस्पेंड किए गए इन चार इंस्पेक्टरों की पहचान अशोक कुमार, वरिंदर कुमार, अनिल कुमार व रजिंदर सिंह है। यह निर्देश तुरंत लागू होंगे। पत्र में कहा गया है कि इन कर्मचारियों को पंजाब सिविल सेवाएं (सजा व अपील) नियमानुसार 1970 के नियम 8 के अधीन चार्जशीट बाद में जारी की जाएगी। लेकिन सूत्रों के अनुसार इन चारों इंस्पेक्टरों को इसलिए सस्पेंड किया गया है क्योंकि बार-बार इनको दी गई जिम्मेवारी को पूरा नहीं किया गया और हाईकोर्ट की ओर से आई हिदायतों के बाद जब अधिकारियों ने सख्त हिदायतें जारी की तब जाकर इन इंस्पेक्टरों ने अपनी कार्रवाई को अंजाम देना आरंभ किया।
निगम में सारा दिन होती रही चर्चा
पत्र में कहा गया है कि कमिश्नर नगर निगम मोहाली की ओर से 23 नवंबर 2011 को दी गई रिपोर्ट के अनुसार चार इंस्पेक्टरों को तुरंत ड्यूटी से हटाया जाए। पत्र में हिदायतें हैं कि कर्मचारियों के सस्पेंड समय दौरान सदर आफिस चंडीगढ़ निश्चित किया गया है। सारा दिन नगर निगम में इनके खिलाफ कमिश्नर की ओर से की गई रिपोर्ट संबंधी चर्चा होती रही। किसी को भी यह नहीं पता था कि इनको किस कारण सस्पेंड किया गया है। एक साथ चार इंस्पेक्टरों को सस्पेंड करने के बाद निगम अधिकारियों व कर्मचारियों में हडकंप मच गया। दरअसल ऐसी कार्रवाई आज से पहले नगर निगम में कभी नहीं हुई। यहां जिक्रयोग है कि कुछ महीने पहले मोहाली नगर निगम में ज्वाइंट कमिश्नर की भी बदली कर दी गई थी।
